लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले BJP ने गठित की अनुशासन समिति, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग अध्यक्ष हुए नियुक्त।
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने हिमाचल में लोकसभा चुनावों की घोषणा से पहले ही बागियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी ने 3 सदस्यीय अनुशासन समिति का गठन किया है। यह कमेटी पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग की अध्यक्षता में गठित की गई है तथा इसमें पूर्व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा नितेन कुमार को सदस्य बनाया गया है। यह समिति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल द्वारा गठित की गई है।
पार्टी विरोधी कार्य तथा संगठन में गुटबाजी करने वालों पर रखेगी नजर
यह समिति पार्टी विरोधी कार्य करने वाले तथा संगठन में गुटबाजी करने वाले पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं पर नजर रखेगी, साथ ही कोई भी नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता इस समिति के समक्ष पार्टी के उन लोगों की शिकायत कर सकेंगे, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों में लगे हैं। प्रदेश अनुशासन समिति इस शिकायत की पूरी जांच करेगी तथा उसके बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को सौंपेगी। इसमें समिति अपनी सिफारिश करेगी। समिति की सिफारिश पर पार्टी अध्यक्ष उस पर निर्णय लेंगी। उधर पार्टी का प्रयास है कि पिछले लोकसभा के आम चुनाव की तरह इस बार भी हिमाचल की चारों सीटों पर जीत दर्ज की जाए। इसलिए पार्टी कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहती है।
हिमाचल से भाजपा राष्ट्रीय परिषद के लिए 6 सदस्य नियुक्त
हिमाचल प्रदेश से 6 नेताओं को राष्ट्रीय परिषद सदस्य बनाया है। इसमें पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी व रीता धीमान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पुरुषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिशु धर्मा शामिल हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 17 व 18 फरवरी काे होने वाली बैठक में ये सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष व पदाधिकारी भी भाग लेंगे।
Comments
Post a Comment